न्यूज़ीलैंड में अक्सर बाढ़ आती है और इससे काफी हानि और जान-माल का नुकसान हो सकता है। पता करें कि बाढ़ से पहले, उसके दौरान और बाद में क्या करना चाहिए।

बाढ़ में क्या करें | What to do in a flood

जातीय समुदायों के मंत्रालय और राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने वीडियो की इस श्रृंखला को बनाने के लिए साथ मिल कर काम किया है, ताकि हमारे समुदाय जान सकें कि विभिन्न आपदाओं और आपात स्थितियों के लिए तैयारी करने के लिए क्या करना है, और जब ऐसा हो तो उनका सामना कैसे करें।

यह वीडियो बताता है कि बाढ़ में क्या करना चाहिए।

बाढ़ के प्रभाव को कम करें

पता करें कि आपके इलाके में बाढ़ का क्या या कितना खतरा है। आपकी स्थानीय परिषद में संभावित बाढ़ की हानि को कम करने के तरीके के बारे में संसाधन और जानकारी हो सकती है।

अपनी बीमा योजना की नियमित समीक्षा करें। यदि आप किसी आपदा में नुकसान उठाते हैं तो अपने पैरों पर फिर से खड़े होने में आपकी मदद के लिए अपने घर और सामग्री के लिए बीमा कवर का होना महत्वपूर्ण है।

हम आपदाओं की भविष्यवाणी तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन हम उनके लिए तैयारी कर सकते हैं। शुरू करने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक अपने घर के साथ शुरू करना है। पता लगाएं कि आप अपने घर को सुरक्षित बनाने के लिए क्या कर सकते हैं और आपको नियमित रूप से अपने बीमे की जांच क्यों करनी चाहिए।

बाढ़ से पहले तैयारी करें

अपनी स्थानीय परिषद से पता करें कि क्या आपके घर या व्यवसाय को बाढ़ का खतरा है और यदि आपको खाली करने की जरूरत हो तो वे आपको कैसे सचेत करेंगे। निम्न के बारे में पूछें:

  • निकासी योजनाएँ और स्थानीय सार्वजनिक चेतावनी प्रणालियाँ
  • अगर आपको खाली करके जाना हो तो अपने पालतू जानवरों और पशुओं का क्या करें?
  • आप अपने घर या व्यवसाय के लिए भविष्य में आने वाली बाढ़ के जोखिम को कैसे कम कर सकते हैं?

विचार करें कि आपको जरूरत की किन चीजों की आवश्यकता हो सकती है और एक साथ मिल कर योजना बनाएं।

अपनी आपातकालीन योजना और ऊंचाई वाली जमीन के लिए अपने निकासी मार्ग का अभ्यास करें।

संभावित बाढ़ क्षति को कम करने के उपाय करें और सुनिश्चित करें कि आपकी बीमा पॉलिसी आपको बाढ़ की क्षति के लिए कवर करती है।

किसी आपात स्थिति में आप तीन दिन या उससे अधिक समय तक घर में फंसे रह सकते हैं। आपका घर तो पहले से ही रोजमर्रा की चीजों के रूप में आपातकालीन चीजों से भरा हुआ है। यह पता लगाएं कि आपको किन चीजों की जरूरत है और संकट से उबरने के लिए एक योजना बनाएं।

बाढ़ के दौरान क्या करें

सुरक्षा पर पहले ध्यान दें। कोई जोखिम न लें। यदि आप बढ़ते पानी को देखते हैं तो जल्दी से कदम उठाएं।

बाढ़ और अचानक आई बाढ़ जल्दी आ सकती है। यदि आप बढ़ते पानी को देखते हैं तो आधिकारिक चेतावनियों की प्रतीक्षा न करें। ऊंची जमीन पर चले जाएं और बाढ़ के पानी से दूर रहें।

बाढ़ के पानी से बाहर रहें

कभी भी बाढ़ के पानी में चलने, तैरने या उसमें से गाड़ी चला कर जाने की कोशिश न करें। बाढ़ से होने वाली कई मौतें पानी में से गाड़ी चला कर जाने की कोशिश करने वाले लोगों के कारण होती हैं।

हमेशा यह मान लें कि बाढ़ का पानी खेत के रन-ऑफ (बहाव), रसायनों और सीवेज (गंदे नाले) से दूषित होता है। बाढ़ का दूषित पानी आपको बीमार कर सकता है। सुनिश्चित करें कि आप बाढ़ के पानी के संपर्क में आने के बाद अपने हाथ, कपड़े और सम्पत्ति को धो लेते हैं।

यदि बाढ़ संभव है:

सूचित रहें। रेडियो सुनें या अपने नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह का ऑनलाइन अनुसरण करें।

खाली करने के लिए तैयार रहें और अपने ग्रैब बैग (तुरंत उठा कर चल देने वाले थैले) को अपने नजदीक रखें। आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय नागरिक सुरक्षा अधिकारियों की बातों पर ध्यान दें। अपने क्षेत्र की निकासी के बारे में किसी भी निर्देश का पालन करें। यदि आप असुरक्षित महसूस करते हैं तो अपने आप वहां से खाली करके चल दें।

पालतू जानवरों को एक सुरक्षित स्थान पर ले जाएं और स्टॉक (पशुओं) को ऊंची जमीन पर ले जाएं। अगर आपको जाना पड़े, तो अपने पालतू जानवरों को अपने साथ ले जाएं। अगर यह आपके लिए सुरक्षित नहीं है, तो यह उनके लिए भी सुरक्षित नहीं है।

अगर सलाह दी जाती है तो पानी, बिजली और गैस बंद कर दें।

मूल्यवान और खतरनाक चीजों को जितना हो सके फर्श से ऊपर रख दें। इसमें बिजली के उपकरण और रसायन शामिल हैं। महत्वपूर्ण चीजों को संभाल कर रखने के लिए वाटरटाइट कंटेनर (पानी से बचाव करने वाले डिब्बे) का प्रयोग करें।

पर्दों आसनों और बिस्तर को फर्श से ऊपर उठाएं।

अपने पड़ोसियों और किसी ऐसे व्यक्ति की जाँच करें जिसे आपकी सहायता की जरूरत हो सकती है।

अपने स्थानीय नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन (CDEM) समूह का पता लगाएं।

बाढ़ के बाद क्या करें

नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं द्वारा आपको सूचित किए जाने के बाद ही कि ऐसा करना सुरक्षित है, घर लौटें। हो सकता है बाढ़ का पानी कम होने पर भी घर लौटना सुरक्षित न हो।

क्षतिग्रस्त इलाकों से दूर रहें। आप बचाव और अन्य आपातकालीन कामों में बाधा डाल सकते हैं और बाढ़ के अवशिष्ट प्रभावों से और अधिक जोखिम में आ सकते हैं।

कदम उठाने से पहले देखें। बाढ़ के बाद, जमीन और फर्श फिसलन भरे हो सकते हैं या टूटी हुई बोतलों और कीलों समेत मलबे से ढके हो सकते हैं।

यदि आप कर सकते हैं तो दूसरों की मदद करें, खासकर ऐसे लोग जिन्हें अतिरिक्त सहायता की जरूरत हो सकती है।

पता लगाएं कि यदि आप किसी आपातकालीन घटना से प्रभावित हुए हैं तो आपको क्या सहायता मिल सकती है।(external link)

यदि आपकी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है

  • ऐसा कुछ भी न करें जिससे आपकी सुरक्षा को खतरा हो या आपकी संपत्ति को अधिक नुकसान हो।
  • जितनी जल्दी हो सके अपनी बीमा कंपनी से संपर्क करें।
  • यदि आप किराए की संपत्ति में रहते हैं, तो अपने मकान मालिक और अपनी कॉटेंट (घर का सामान) बीमा कंपनी से संपर्क करें।
  • किसी भी नुकसान की तस्वीरें लें। यह आपके दावों के असैसमेंट (आकलन) में तेजी लाने में मदद करेगा।

बाढ़ के बाद भोजन की सुरक्षा

डिब्बाबंद सामान समेत बाढ़ के पानी के संपर्क में आने वाले भोजन और पीने के पानी को फेंक दें।

जब तक कि आप निश्चित न हों कि यह दूषित नहीं है, पीने या उससे भोजन तैयार करने के लिए नल के पानी का इस्तेमाल न करें। अपने स्थानीय अधिकारियों द्वारा दिए गए किसी भी पानी उबालने के नोटिस के निर्देशों का पालन करें।

आपात स्थिति के दौरान और बाद में भोजन सुरक्षा के बारे में अधिक जानकारी के लिए मिनिस्ट्री ऑफ प्राइमरी इंडस्ट्रीज़ (प्राथमिक उद्योग मंत्रालय) की वेबसाइट देखें।

बाढ़ के बाद सफाई करना

अपने घर और उसमें मौजूद हर चीज को साफ करें और सुखाएं। बाढ़ का पानी आपके घर की हवा को अस्वस्थ बना सकता है। जब चीजें दो दिनों से ज्यादा समय तक गीली रहती हैं तो आमतौर पर उनमें फफूंदी लग जाती है। बाढ़ के बाद आपके घर में कीटाणु और कीड़े भी हो सकते हैं।

फफूंदी से दमा, एलर्जी या सांस लेने की अन्य समस्याओं वाले कुछ लोग बीमार हो सकते हैं।

यदि आपके मन में बाढ़ वाले घर में सफाई या काम करने के बारे में कोई प्रश्न हैं तोअपने डॉक्टर या किसी अन्य चिकित्सा पेशेवर से बात करें। यदि बड़ी मात्रा में फफूंदी है, तो हो सकता है आप फफूंदी को साफ करने के लिए किराए पर पेशेवर मदद लेना चाहें।

निम्न को पहनकर खुद को सुरक्षित रखें:

  • एक प्रमाणित श्वासयंत्र
  • धूप का चश्मा
  • दस्ताने
  • सुरक्षात्मक कपड़े जो आपके हाथों और टांगों को ढकते हैं, और
  • मजबूत जूते।

ऐसी कोई भी चीज़ फेंक दें जो बाढ़ के पानी से भीगी हो और जिसे साफ न किया जा सके।

किसी भी लकड़ी के चम्मच, प्लास्टिक के बर्तन, और बेबी बोतल टीट्स और डमी को फेंक दें यदि वे बाढ़ के पानी के अंदर थे। उन्हें सुरक्षित रूप से साफ करने का कोई तरीका नहीं है।

धातु के पतीलों और बर्तनों को साफ पानी में उबालकर कीटाणुरहित बनाएं।

बाढ़ के पानी से काफ़ी मात्रा में कीचड़ जमा हो सकता है। कीचड़ ख़तरनाक हो सकता है और आपको बीमार कर सकता है।

कीचड़ से निकली धूल लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। यदि आपको हवा में धूल दिखाई दे, उसकी गंध आए या उसका स्वाद महसूस हो, तो सुरक्षा को सबसे पहले रखें।

यदि आप कर सकते हैं, तो कीचड़ की सतह को गीला रखें, या इसे सूखने और उड़ने से रोकने के लिए इसे ढक दें। या फिर कीचड़ को हवा से बचाने के लिए अवरोधों का उपयोग करें।

यदि संभव हो, तो घर के अंदर रहें और धूल ज्यादा होने पर खिड़कियां और दरवाजे बंद कर दें। कीचड़ को भीतर आने से रोकने के लिए आपको बिल्ली के लिए बने दरवाजों और हवा के वेंटिलेशन वेंट (हवा के झरोखों) जैसी खुली जगहों को भी सील (बंद) करने की जरूरत हो सकती है।

यदि धूल से बचना असंभव है, तो ठीक से फिट होने वाला P2 (पी2) या N95 (एन95) मास्क पहनें। यदि आपके पास ऐसा मास्क नहीं है, तो आप थोड़ी सुरक्षा के लिए सर्जिकल मास्क का उपयोग कर सकते हैं।

सभी तरह के कीचड़ को हटाने की जरूरत नहीं है। आम तौर पर, खुले इलाकों में जहाँ कीचड़ 15 मिलीमीटर से कम गहरी होती है, तो आपको कीचड़ को हटाने की जरूरत नहीं होगी। यह बाढ़ के बाद अगले कुछ हफ्तों में गायब हो जाएगी।

कीचड़ को हटाने के बारे में, अपनी स्थानीय काउंसिल और सिविल डिफेंस इमरजेंसी मैनेजमेंट ग्रुप (नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह) की सलाह और निर्देशों का पालन करें।

अपने भोजन को सुरक्षित रखने के बारे में अधिक जानकारी के लिए प्राथमिक उद्योग मंत्रालय की वेबसाइट देखें।

प्राथमिक चिकित्सा जीवन बचाती है। St John (सेंट जॉन) वेबसाइट पर जानें कि यदि आपको प्राथमिक उपचार देने की आवश्यकता हो तो किन बातों पर ध्यान दें और क्या करें।

कीचड़ को खोदने या उसे हटाते समय सुरक्षित रूप से काम करने के बारे में सलाह को देखें।

खतरों के प्रकार

न्यूज़ीलैंड में हमारे यहाँ बहुत सारे प्राकृतिक खतरे हैं। पता करें कि हर प्रकार की आपात स्थिति से पहले, उसके दौरान और बाद में क्या करना चाहिए।