किसी आपदा का अनुभव करना भारी पड़ सकता है। किसी आपातकालीन घटना के दौरान और बाद में आपके तथा आपके whānau (परिवार) के लिए परेशान और शारीरिक रूप से थका हुआ महसूस करना आम बात है।

सिविल डिफेंस एमरजेंसी मैनेजमेंट ग्रुप्स

अधिकांश छोटी आपात स्थितियों का प्रबंधन संबंधित आपातकालीन सेवा द्वारा किया जाता है। उदाहरण के लिए आग और आपातकालीन न्यूज़ीलैंड इमारत की आग का प्रबंधन करता है।

न्यूज़ीलैंड में बाढ़ जैसे प्राकृतिक खतरों के कारण होने वाली छोटे से मध्यम पैमाने की घटनाएं भी हैं। आपकी स्थानीय परिषद या नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह इनका प्रबंध करता है। नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह, एक क्षेत्र के शहर और जिला परिषदों से बना होता है।

न्यूज़ीलैंड में सोलह नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह हैं।

आपात स्थितियों के बाहर, नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह अधिक लचीले समुदायों का निर्माण करने में मदद करते हैं। इसमें शामिल हैं:

  • समुदायों के सामने आने वाले जोखिमों और खतरों को कम करने के लिए काम करना
  • आपातकालीन प्रतिक्रियाओं के लिए योजना बनाना, और
  • एक महत्वपूर्ण घटना के बाद पुनर्वास का नेतृत्व करना।

सिविल डिफेंस एमरजेंसी मैनेजमेंट ग्रुप्स (नागरिक सुरक्षा आपातस्थिति प्रबंधन समूह) निम्न के साथ मिलकर काम करते हैंः

  • आपातकालीन सेवाएं
  • सरकारी विभाग
  • iwi (ईवी)
  • बिजली, संचार और गैस जैसी आवश्यक सेवाओं के प्रदाता; तथा
  • अन्य जो आपातकालीन प्रतिक्रिया में लोगों और समुदायों की मदद करते हैं।

प्रत्येक नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह के पास एक नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन योजना होती है। योजना में निम्न शामिल होना चाहिए:

  • नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह किन खतरों और जोखिमों का प्रबंधन करेगा
  • उनका प्रबंधन कैसे किया जाएगा, और
  • खतरों और जोखिमों से उबरने के लिए कार्यनीतिक योजना।

अपने स्थानीय नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन (CDEM) समूह का पता लगाएं।

स्थानीय आपातकाल की स्थिति

कुछ आपात स्थितियों के लिए सेवाओं में अतिरिक्त समन्वय की आवश्यकता होती है। ऐसे हालात में, स्थानीय आपातकाल की स्थिति घोषित की जा सकती है। स्थानीय आपातकाल की स्थिति संबंधित नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह को आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष अधिकार देती है।

स्थानीय आपातकाल की स्थिति में, संबंधित नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह आपातकाल की प्रतिक्रिया का प्रबंधन करता है। इसमें शामिल हैं:

  • अन्य आपातकालीन सेवाओं का समन्वय करना
  • यह सुनिश्चित करना कि अस्थायी आवास, भोजन और पानी उपलब्ध हैं
  • यह सुनिश्चित करना कि खतरनाक क्षेत्रों तक पहुंच ठीक से नियंत्रित है, और
  • नियमित रूप से सार्वजनिक सूचना संदेश प्रदान करना।

जब आपातकाल की घोषित स्थिति नहीं होती है, तो नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूह भी कभी-कभी मदद कर सकते हैं।

राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति

बहुत बड़ी आपात स्थितियों के लिए, इमरजेंसी मैनेजमेंट और रिकवरी (आपातकालीन प्रबंधन और पुनर्प्राप्ति) मंत्री द्वारा राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति घोषित की जा सकती है। इस स्थिति में, नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन के निदेशक नियंत्रण अपने हाथ में ले लेता है। नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (राष्ट्रीय आपातस्थिति प्रबंधन एजेंसी) प्रतिक्रियाओं का प्रबंधन करती है।

ट्रांजिशन या बदलाव की अवधि

ट्रांजिशन की अवधि आपातकालीन प्रतिक्रिया से लेकर आपातकालीन घटना से उबरने के लिए एक सहज बदलाव में सहायता करती है। आपातकाल की घोषणा की गइ हो या नहीं, ट्रांजिशन का समय तब भी हो सकता है।

ट्रांजिशन के समय में सिविल डिफेंस इमरजेंसी मैनेजमेंट ग्रुप्स को रिकवरी के शुरुआती हिस्से में मदद करने के लिए खास अधिकार मिलते हैं।

नेशनल एमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (राष्ट्रीय आपातस्थिति प्रबंधन एजेंसी)

आपात स्थितियों के बाहर, राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी आपदाओं के लिए अधिक लचीलेपन को बढ़ावा देती है। यह न्यूज़ीलैंड की आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली की भी देखरेख करती है। यह सुनिश्चित करती है कि सिस्टम (प्रणाली) अपेक्षित रूप से काम कर रहा है और सुधार के अवसरों की पहचान करती है।

राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय समझ और समन्वय का समर्थन करती है। इसमें सरकार, iwi (ईवी) स्थानीय सरकार तथा निजी और सामुदायिक संगठन शामिल हैं।

नेशनल एमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (राष्ट्रीय आपातस्थिति प्रबंधन एजेंसी):

  • राष्ट्रीय महत्व के खतरों और जोखिमों की पहचान करती है
  • नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूहों और अन्य को आपातकालीन प्रबंधन पर मार्गदर्शन प्रदान करती है, और
  • नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूहों के प्रदर्शन की निगरानी करती है। 

नेशनल एमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (राष्ट्रीय आपातस्थिति प्रबंधन संस्था) के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करें।

सिविल डिफेंस सैंटर (नागरिक सुरक्षा केंद्र), सामुदायिक नेतृत्व वाले केंद्र और मराय

सिविल डिफेंस सैंटर

सिविल डिफेंस सैंटर (सीडीसी) स्थानीय समुदायों में एक सुरक्षित स्थान प्रदान करते हैं जहाँ लोग आपात स्थिति के दौरान मदद के लिए जा सकते हैं। इनका संचालन सिविल डिफेंस इमरजेंसी मैनेजमेंट (नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन) के कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा किया जाता है।

यदि आपात स्थिति के समय आप अपने परिवार या मित्रों के साथ नहीं रुक सकते हैं, तो आप सिविल डिफेंस सैंटर (नागरिक सुरक्षा केन्द्र) में जा सकते हैं। न्यूज़ीलैंड के कुछ इलाकों की वेबसाइट पर नागरिक सुरक्षा केंद्रों की सूची उपलब्ध है। अन्य स्थान आपात स्थिति के आधार पर एक इमारत को नागरिक सुरक्षा केंद्र के रूप में खोलेंगे।

न्यूज़ीलैंड के कुछ इलाकों में, नागरिक सुरक्षा केंद्र को वेलफेयर सैंटर (कल्याण केंद्र) या कम्युनिटी इमरजेंसी सैंटर (सामुदायिक आपातकालीन केंद्र) भी कहा जा सकता है।

सामुदायिक नेतृत्व वाले केंद्र

सामुदायिक नेतृत्व वाले केंद्र में, आप निम्न कार्य कर सकते हैं:

  • अपने समुदाय के बीच कौशल और संसाधनों को साझा करके मदद मांग या दे सकते हैं
  • आपके इलाके में क्या हो रहा है, इसके बारे में जानकारी साझा कर और प्राप्त कर सकते हैं
  • अपने समुदाय की सफाई का आयोजन शुरू करना।

आपका सैंटर स्थानीय समुदाय के लोगों द्वारा बिना आधिकारिक सहायता के चलाया जाता है। यहाँ पर खाने-पीने की चीजें, पानी या कंबल जैसी कोई भी आपूर्ति सामग्री जमा नहीं की जाती है क्योंकि ये चीजें अक्सर आपके अपने घरों और समुदाय में पहले से ही मौजूद होती हैं।

सामुदायिक नेतृत्व वाले केंद्र आपात स्थितियों से पहले और उसके दौरान सलाह और सहायता के लिए नागरिक सुरक्षा आपातकालीन प्रबंधन समूहों के साथ मिलकर काम कर सकते हैं।

सामुदायिक नेतृत्व वाले केंद्र ऐसे स्थान हो सकते हैं जिन्हें समुदाय के लोग किसी आपात स्थिति से पहले पहचानते हैं। या फिर समुदाय आपात स्थिति के आधार पर एक सामुदायिक नेतृत्व वाला केंद्र खोलकर उसका संचालन कर सकते हैं।

कुछ समुदाय बिल्डिंग या भवन का उपयोग नहीं करते। वे लोगों के नेटवर्क के माध्यम से सहायता प्रदान करते हैं।

आप जहाँ रहते हैं, उसके आधार पर सामुदायिक नेतृत्व वाले केंद्र को निम्न कहा जा सकता है:

  • सामुदायिक केंद्र,
  • सामुदायिक आपातकालीन केंद्र,
  • सामुदायिक प्रतिक्रिया केंद्र,
  • मनाकी हब (माओरी अतिथि सेवा केन्द्र) /सैंटर, या
  • सैक्टर पोस्ट।

मराय (माओरी सभा स्थल)

मराय अक्सर परिवार और व्यापक समुदाय के लिए जरूरत के समय एक साथ इकट्ठे होने का स्थान होते हैं। मराय कभी-कभी समुदाय द्वारा संचालित केंद्रों के रूप में काम करते हैं।

ये आपातकाल में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विश्वसनीय सामुदायिक केंद्रों के रूप में काम करते हैं,  जो माओरी समुदायों और आम जनता दोनों के लिए

  • भोजन,
  • आश्रय और
  • देखभाल जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान करते हैं।

मराय, मनाकीतांगा (आतिथ्य) और कोताहीतांगा (एकता) की अभिव्यक्ति के माध्यम से सहायता और सांस्कृतिक सुरक्षा प्रदान करते हैं।

खतरों के प्रकार

न्यूज़ीलैंड में हमारे यहाँ बहुत सारे प्राकृतिक खतरे हैं। पता करें कि हर प्रकार की आपात स्थिति से पहले, उसके दौरान और बाद में क्या करना चाहिए।